Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र के मॉडर्न पब्लिक स्कूल के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा में एक युवक की मौत हो गयी । स्कूल गेट के पास खड़े आलोक कुमार को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई और भाजपा नेता सह बिहार भूमियार एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक आलोक उनका भाई था और बीते 5 दिनों से स्कूल परिसर में ही रहते थे।

मंगलवार रात किसी काम से बाहर निकले थे और गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे। तभी करीब डेढ़ सौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर 40 फीट दूर तक सड़क से उछली और सीधे आलोक को कुचल दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि गेट, दीवार और बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि यह सोची-समझी साज़िश है। आशुतोष ने दावा किया कि कार सवार लोग मैहर गार्डन से पार्टी कर लौट रहे थे. झामुमो नेता घटनास्थल पर पहुंचकर कार हटाने की कोशिश कर रहे थे, साथ ही धमकी भी दे रहे थे।
परिवार के पास सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को देवघर सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां परिजनों की भीड़ उमड़ी हुई है।



