
Deoghar : एसपी सौरभ के निर्देश पर साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ जिले की पुलिस द्वारा चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत जनवरी से अब तक जिले में 731 साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं उनके पास से पुलिस ने 1146 सिम कार्ड व 899 मोबाइल फोन बरामद किया है।

वहीं 269 सिम कार्ड के खिलाफ पहले से प्रतिबिंब एप पर साइबर ठगी का शिकायत दर्ज है। पुलिस ने इस मामले में चार साइबर ठगी के आरोपितों को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से 05 मोबाइल फोन 08 सिम कार्ड बरामद किया गया है।

दो सिम कार्ड के खिलाफ पहले से प्रतिबिंब एप पर आन लाइन ठगी से जुड़ी शिकायत दर्ज है। पकड़े गए आरोपितों में अनिल महतो साकिन बोचबांध थना पथरड्डा, उत्तम कुमार साकिन सुखजोरा थाना सारठ, अनवर अंसारी और सरफुद्दीन अंसारी दोनों साकिन धावा थाना पालोजोरी के नाम शामिल हैं।
जेल गये सभी आरोपित गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर ठगी का काम करते थे। इस आरोपितों को पालोजोरी थाना क्षेत्र के फलजोरी पहाड़ से छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया है।
जेल गये आरोपी उत्तम कुमार पूर्व के साइबर थाना कांड संख्या 82/20 का आरोपी रहा है। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुनि नागेन्द्र कुमार मंडल, पुअनि ललित खलको सहित जवान शामिल थे।


