
Deoghar : देवघर जिले के बुढ़ई थाना इलाके के सरपत्ता गांव के पास बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी।

मृतक का नाम मो मुमताज है जो गिरिडीह जिला के गांडेय थाना क्षेत्र के तरपतपा गावं का रहने वाला है। जबकि इस घटना में उसकी पत्नी नजमा खातून भी चोटिल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद मो मुमताज को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि पति-पत्नी बाइक पर सवार होकर नगर थाना क्षेत्र स्थित हिरणा में दामाद से मिलने जा रहे थे। मृतक के दामाद मोहम्मद मोहजाम ने बताया कि दोनों दंपति उनसे मिलने आ रहे थे उसी क्रम में रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। साथ ही दुर्घटना में शामिल बाइक और कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


