
Deoghar/ Madhupur News : देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के गौरी पहाड़ी पत्थर खदान से रविवार को एनडीआरएफ की टीम ने घंटों मशक्कत कर सिरकटी महिला का शव बरामद किया है। मृतका की पहचान मिसरना मंडल टोला निवासी 65 वर्षीय कमली देवी के रूप में की गई है। मृतका के सिर की तलाश पुलिस कर रही है।

महिला की सिर काटकर निर्मम हत्या कर आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को गांव के समीप गौरी पहाड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया था। शनिवार की शाम आसपास के चरवाहों ने खदान में महिला का शव तैरने की सूचना दी थी।

घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन करीब दो सौ फीट गहरे पत्थर खदान से शव को नहीं निकल पाई। रविवार को एनडीआरएफ देवघर से टीम को बुलाया गया। एनडीआरफ के इंस्पेक्टर कृष्णकांत कनक के नेतृत्व में टीम दो बोट से खदान से शव निकालने में जुटी गई।

जब महिला का शव निकाल गया तो उसका सिर गायब देखकर लोग हैरान रह गए। खदान के पास यह देखने के लिए हजारों की संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस सिर ढूंढने का काफी प्रयास किया लेकिन नहीं मिला।
मौके पर प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी विनय कुमार पांडेय, सीओ यामुन रविदास, इंस्पेक्टर इंचार्ज संतोष कुमार गुप्ता, शौकत खान आदि मौजूद थे।
बता दें मिसरना गांव में किशोर की मौत के बाद डायन के शक पर इंजीनियर की 65 वर्षीय मां कमली देवी को शुक्रवार की शाम घर से खींचकर अपहृत कर लिया गया था।
एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद, इंस्पेक्टर इंचार्ज संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि अपहृत महिला का शव गौरी पहाड़ी पत्थर खदान से एनडीआरएफ टीम के सहयोग से बरामद किया गया है। मृतका के परिजनों ने शव की पहचान किया है।
शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेजा दिया गया। वही धड़ से सिर अलग है,सिर की तलाश पुलिस कर रही है। साथ ही घटना में संलिप्त आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयासरत है।


