Deoghar News : देवघर जिले में साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ जिले की पुलिस द्वारा चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत जनवरी से अब तक जिले में 688 साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

वहीं उनके पास से पुलिस ने 1083 सिम कार्ड व 846 मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं 254 सिम कार्ड के खिलाफ पहले से प्रतिबिंब एप पर साइबर ठगी का शिकायत दर्ज है।

पुलिस ने इसी सिलसिले में तीन साइबर ठगी के आरोपितों को गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड बरामद किया गया है। एक सिम कार्ड के खिलाफ पहले से प्रतिबिंब एप पर आन लाइन ठगी से जुड़ी शिकायत दर्ज है।
पकड़े गए आरोपितों में जिले के करौं थाना क्षेत्र के डुमरथर गांव निवासी प्रभाकर दास, जिले के सारवां थाना क्षेत्र के चरघरा गांव निवासी प्रवीण कुमार और जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी उत्तम कुमार दास शामिल हैं।
इन सभी आरोपितों को जिले के सारवां थाना क्षेत्र के गोरेमारा गांव के पास स्थित जंगल से गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपितों ने पुलिस पूछताछ के क्रम में बताया कि ये लोग मुख्य रूप से गुगल पर कंपनी के नंबर की जगह अपना फर्जी नंबर डाल देते हैं।
लोग परेशानी होने पर जब उस नंबर को कंपनी का नंबर समझ का काल करते हैं तो ये साइबर ठग लोगों को कंपनी का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर बात करते हैं। फिर लोगों को अपने झांसा में ले लेते हैं।
उसके बाद उन्हें लिंक भेजकर ठगी का शिकार बनाते हैं। छापेमारी दल में साइबर थाना के इंस्पेक्टर त्रिलोचन तामसोय, एसआइ ललित खालको व अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे। पूछताछ करने के बाद तीनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।



