
Deoghar News : देवघर जिले में सक्रिय साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ देवघर पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत फर्जी फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर और एमोजोन कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर ठगी करने वाले आठ साइबर आरोपितों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पकड़े गए आरोपितों में जिले के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के चोरमारा गावं निवासी राहुल कुमार दास, बिक्रम कुमार दास, अमित कुमार दास पथरौल थाना क्षेत्र के सिमरातरी गावं निवासी डब्लू दास, टनडेरा मलमला निवासी मुचकुन्द दास, पाथरौल थाना इलाके के लेरवा निवासी चंदन कुमार दास, देवीपुर थाना क्षेत्र के सधवाडीह निवासी पवन दास तथा सारठ थाना क्षेत्र के घाघरजोरी निवासी आनन्द कुमार दास के नाम शामिल हैं।

इनके पास से 08 मोबाइल फोन व 12 सिम कार्ड बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपितों में से आनन्द कुमार दास के खिलाफ पहले भी 2023 में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज की गयी थी। आरोपितों को जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के पेसरपुरा जंगल से पकड़ा गया है।
पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने बताया कि वे लोग फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर तथा ऐमोजोन कस्टमर केयर अधिकारी बनकर काल करते हैं। लोगों को झांसा में लेकर उन्हें लिंक भेजते हैं। लिंक भेजकर उन्हें ठगी का शिकार बना लेते हैं।
इसके अलावा फर्जी फोन पे और पे टीएम का कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैश बैक का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाते थे।
छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस इंस्पेक्टर त्रिलोचन तामसोय, एसआइ बिशेश्वर कुमार तथा देवीपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा शामिल थे।
पूछताछ करने के बाद आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। बताया जाता है कि जनवरी से अब तक देवघर जिले में सक्रिय 681 साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए आरोपितों के पास से 838 मोबाइल फोन, 1076 सिम कार्ड बरामद किया गया है। वहीं इन आरोपितों के पास से 250 प्रतिबिंब एप पर अपलोड सिम बरामद हुआ है।


