
Deoghar News : अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए हैं। शहर के करनीबाग जमुनाजोर पुल के पास अज्ञात बाइक से धक्का लगने से एक अधेड़ घायल हो गए हैं। घायल पंकज कुमार सिंह शहीद आश्रम रोड के रहने वाले हैं।

उनकी बेटी सुनीति कुमारी ने बताया कि उसकी बहन एम्स में भर्ती है। उसके पिता उसे देखने के लिए जा रहे थे। इस दौरान जमुनाजोर पुल के पास अज्ञात वाहन सवार ने उन्हें धक्का मार दिया। हादसे में वे गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार गाड़ी लेकर मौके पर से फरार हो गया।

वहीं एक अन्य हादसे में नगर थाना क्षेत्र के भुरभुरा मोड के पास सड़क किनारे लगे मोमोज की दुकान पर खड़ा होकर मोमोज खा रहे एक व्यक्ति को टोटो ने धक्का मार दिया। हादसे में भास्कर कुमार नामक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद टोटो चालक गाड़ी लेकर मौके पर से फरार हो गया।
वहीं एक अन्य हादसे में जिले के सारठ थाना क्षेत्र के बाराटांड़ से बभनडीहा जाने वाली सड़क पर दलदली गांव के समीप सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक घायल हो गया।
घटना के संबंध में बताया गया कि सारठ थाना क्षेत्र के नगड़ो टोला शहरपुरा गांव निवासी युवक सुभाष यादव अपने बाइक से बभनडीहा हटिया से घर लौट रहा था।
इसी दौरान बाइक असंतुलित होने से युवक सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया कि युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
हेलमेट पहनने से उसके माथे में गंभीर चोट नहीं आती। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


