
Deoghar : देवघर जिले में साइबर अपराध व अपराधियों के खिलाफ पुलिस न केवल सख्त कार्रवाई करेगी बल्कि संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई भी तेज करेगी।

साइबर अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर एसपी सौरभ ने अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में साइबर प्रभावित थाना के प्रभारियों व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

समीक्षा बैठक के दौरान तमाम पुलिस पदाधिकारियों को बिंदुवार टास्क दिया है। जिसकी समीक्षा हर 15 दिनों में की जाएगी। ताकि यह पता लग सके कि दिए गए टास्क को पुलिस पदाधिकारियों द्वारा कितनी गंभीरता से पालन किया गया ।
इससे पहले समीक्षा बैठक के दौरान साइबर अपराध पर रोकथाम व अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कई बिंदुओं पर समीक्षा की गई। एसपी ने साइबर प्रभावित इलाके में साइबर अपराध में संलिप्त साइबर ठगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन छापेमारी करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा साइबर प्रभावित इलाके में लगातार गश्ती करने ताकि इसके माध्यम से साइबर अपराध पर लगाम लगाया जा सके। साथ ही संगठित साइबर अपराध करने वाले अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जागरूकता की कमी की वजह से लोग अक्सर झांसे में आकर ठगी का शिकार बन जाते है। लोगों को अपराध के चंगुल में फंसने से बचाने के लिए प्रभावित इलाके में जागरूकता कार्यक्रम चलाने को कहा। ताकि साइबर अपराध से जुड़ी तमाम जानकारी से लोग अवगत हो सके और खुद को झांसे में आकर ठगी का शिकार होने से बचा सके।
वहीं तमाम सीएसपी संचालकों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। इसके अलावा संदिग्ध बैंक, पोस्ट आफिस व खाता धारकों की पहचान कर उन सभी पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
फर्जी सिम सप्लायर, बैंक खाता, एटीएम कार्ड सप्लायर के खिलाफ भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मौके पर साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा, एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह व सतेंद्र प्रसाद सहित सभी थाना प्रभारी मौजूद थे।


