
Deoghar Crime News : हाल ही में देवघर नगर थाना क्षेत्र स्थित कृष्णापुरी मोहल्ला से मोबाइल छिनतई मामले में संलिप्त दो अपराध कर्मियों को पुलिस ने धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपित विजय कुमार चौधरी व अमन कुमार चौधरी रिखिया थाना क्षेत्र के भुरभुरा मोड़, हनुमान मंदिर के समीप के रहने वाले है।

पुलिस ने आरोपित के पास से छीना गया मोबाइल फोन, सिम कार्ड व घटना को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल में लाए गए बुलेट मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। पूछताछ में आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी मिली।

आरोपित विजय कुमार चौधरी का पूर्व में आपराधिक इतिहास के बारे में पता चला। उसके खिलाफ नगर थाना में डकैती का मामला दर्ज है। डकैती में रिस्क ज्यादा और कमाई कम होने पर विजय ने अपराध करने की शैली ही बदलने का फैसला लिया।
इसलिए उसने अपने सगे भाई अमन के साथ मिलकर मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम दिया। मोबाइल छीनने के बाद उसने पीड़ित के मोबाइल के एप के माध्यम से पहले 80 हजार रुपये की निकासी कर अमन के खाते में ट्रांसफर कर दिया।
दूसरे दिन उसे पीड़ित की पत्नी के अकाउंट से भी 11, 418 रुपये को अमन के खाते में ट्रांसफर कर दिया।
15 अक्टूबर को दी गई मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम
साइबर डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि 15 अक्टूबर को कृष्णापुरी मोहल्ला के रहने वाले एक व्यक्ति के हाथ से बुलेट बाइक पर सवार बदमाशों ने झपटमारी कर मोबाइल छिनतई की वारदात को अंजाम दिया था।
छिनतई की घटना को लेकर पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज किया गया। एसपी सौरभ ने घटना को लेकर एसआइटी का गठन कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसमें साइबर थाना प्रभारी सहदेव प्रसाद, नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, पुलिस निरीक्षक हरदियुस टोप्पो, पुलिस अवर निरीक्षक घनश्याम गंजू व पुलिस जवानों की टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपितों को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया।
तुरंत सिम कराएं बंद, पासवर्ड रखें जटिल
साइबर थाना की पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोबइल गुम होने या छिनतई जैसे मामले होने पर सबसे पहले अपना सिम कार्ड को ब्लाक कराएं। ताकि सिम कार्ड का इस्तेमाल अपराधी नहीं कर सके।
साथ ही सिम को लाक रखें ताकि इससे जुड़े कोई भी एप खोला नहीं जा सके। इसके अलावा मोबाइल में पासवर्ड को जटिल रखें ताकि आसानी से अपराधी के हाथ फोन रखने के बाद भी खोलने में परेशानी हो।



