
Ranchi: झारखंड में गर्मी के तेवर तल्ख हो गए हैं। राज्य के कई जिलों का पारा 40 डिग्री को पार कर गया है। इसी बीच मौसम विभाग एक और अलर्ट जारी कर दी है। विभाग के मुताबिक अगले दो दिन में तापमान में तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी। कई जगह लू भी चलेगी।

मौसम विभाग के अनुसार 20 व 21 अप्रैल को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ में आंधी-बारिश की संभावना है। वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां में लू चलेगी। मौसम विभाग ने इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया “पूर्वी यूपी से दक्षिण छत्तीसगढ़ व मणिपुर तक दो टर्फ लाइन सक्रिय है। इस वजह से हवा का पैटर्न बदल रहा है। उत्तर-पश्चिमी भारत से गर्म और शुष्क हवा झारखंड पहुंच रही है। इस वजह से कुछ क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है। हवा में नमी की कमी है। इस वजह से तापमान तेजी से बढ़ रहा है। अगले दो-तीन दिन बेहद सतर्क रहने की जरुरत है। बच्चों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बाहर न जाने दें।”



