
Deoghar: शारदीय नवरात्र के मौके पर बाबा मंदिर स्थित मां पार्वती ,संध्या एवं मां काली के मंदिर को आज से तीन दिनों के लिए बंद कर दिया जायेगा। इन तीन दिनों में आम लोगों को इन मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए प्रवेश पर रोक रहेगी।

बाबा बैद्यनाथ मंदिर में चली आ रही परंपरा के अनुसार सोमवार को सप्तमी से लेकर नवमी तक तीनों देवियों के मंदिरों का पट आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान सुबह एवं शाम को मंदिर में पूजा करने के लिए पट को खोला जायेगा।

आज महासप्तमी के दिन मंदिर ईस्टेट की ओर से आचार्य एवं पुजारी दोपहर में सबसे पहले मां पार्वती मंदिर में प्रवेश कर माता को महा स्नान कराने के बाद तांत्रिक विधि से विशेष पूजा करेंगे। उसके बाद माता के खांड़ा बांधा जायेगा। उसके बाद मंदिर के पट को बंद कर दिया जायेगा। फिर संध्या मंदिर एवं अंत में मां काली के मंदिर में इसी तरह पूजा कर मंदिर के पट को बंद किया जायेगा।
इस दौरान पुरोहित समाज के लोग जो की विशेष दीक्षा प्राप्त किये हैं उन्हीं को यहां पूजा करने की अनुमति होगी। वहीं दशमी तिथि पर जयंती बली के उपरांत आम लोगों के लिए माता का पट खोल दिया जायेगा।


