
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के झोसागढ़ी मोहल्ले के स्थानीय लोगों में प्रस्तावित शराब दुकान खोलने को लेकर आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार को यहां की जनता सड़क पर उतरी और जमकर विरोध जताया। जिसमें महिलाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।

मंगलवार को झोसागढ़ी मोहल्ले के बजरंगबली मंदिर के सामने बड़ी संख्या में मोहल्ले वासी सड़क पर उतरे और करीब एक घंटे तक देवघर-दुमका मुख्य सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि शराब दुकान धार्मिक स्थल, स्कूल और रिहायशी इलाकों के पास नहीं खुलनी चाहिए। उन्होंने दुकान खोलने के निर्णय को तुरंत रद्द करने की मांग की। सड़क जाम रहने की स्तिथि में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से बाधित रहा।

हालाँकि घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को शांत करने की काफी कोशिश की। लेकिन उग्र मोहल्ले वासी शराब दुकान पूरी तरह बंद कराने की मांग पर अड़े रहे। लोगों का कहना था कि अगर शराब दुकान इस मोहल्ले के आस-पास खोली गई तो यहां के युवाओं पर बुरा असर पड़ेगा। साथ ही घरेलू हिंसा बढ़ेगी और सामाजिक माहौल खराब होगा। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने भी कहा कि शराब दुकान उनके परिवार और बच्चों की सुरक्षा के लिए हानिकारक है।
इधर, लोगों का विरोध देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तुरंत उच्चाधिकारियों से संपर्क किया और तत्काल प्रभाव से दुकान को बंद कराया गया। जब पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि यहां शराब दुकान नहीं खोली जाएगी, तब जाकर मोहल्ले के लोगों ने जाम हटाया और आवागमन सामान्य हुई।
हालाँकि , मोहल्ले वासियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अगर शराब की दुकान इस मोहल्ले में या आसपास खोलने की कोशिश की गई, तो वे सभी और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे और पूरे शहर को जाम कर देंगे।
वहीं, माहौल को देखते हुए एहतियातन मोहल्ले में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती नगर थाना प्रभारी द्वारा कर दी गयी है।


