
Deoghar : देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत डाबर ग्राम में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज पर काम कर रहे मजदूर 34 वर्षीय सोनेलाल मुर्मू ऊंचाई से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद अन्य मजदूरों ने तत्काल उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के झूमा पाटजोरी गांव निवासी सोनेलाल मुर्मू के रूप में हुई है। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं जसीडीह पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि ब्रिज निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं था,जिससे यह हादसा हुआ।


