Madhupur (Deoghar): सियाचिन ग्लेशियर में शहीद हुए मधुपुर के लाल नीरज कुमार चौधरी का पार्थिव शरीर गुरुवार को कजरा टंडेरी गांव पहुंचेगा।

टंडेरी घाट में शहीद नीरज का अंतिम संस्कार होगा।

24 वर्षीय नीरज के बलिदान की खबर से पूरा इलाका गमगीन है। शहीद के अंतिम संस्कार में हजारों लोगों के शामिल होने की सूचना है।
परिवार वालों ने बताया कि नीरज अप्रैल माह में अपने घर आया था। दिसंबर में फिर से घर आने की बात कही थी। किसान परिवार के बेटे नीरज ढाई साल पहले ही फौज में शामिल हुए थे। नीरज के पिता अनिल चौधरी किसान हैं, मां गृहणी है। नीरज के शहादत की खबर से दादा, मां- पिता,भाई,बहन समेत पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
बता दें कि सोमवार को लद्दाख के सियाचिन ग्लेशियर में हिमस्खलन ने सेना के एक पोस्ट को चपेट में ले लिया था। इसमें सेना के तीन जवान शहीद हो गए थे। बताया जा रहा है कि जब जवान पेट्रोलिंग कर रहे थे उसी समय हिमस्खलन हुआ। ये सैनिक महार रेजिमेंट से जुड़े थे। नीरज के अलावे गुजरात और यूपी का जवान भी शहीद हुए हैं। शहीद होने वालों में सिपाही मोहित कुमार, अग्निवीर डाभी राकेश देवभाई अग्निवीर नीरज कुमार शामिल है।



