
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के झालर हाई स्कूल में 31 अगस्त को हुए हादसे में घायल कन्हैया मंडल की मौत मंगलवार को इलाज के क्रम में रांची मे हो गई। उसके शव को लेकर परिजन गांव पहुंचे।

परिजन जैसे ही बॉडी को लेकर गांव पहुंचा वैसे ही गांव के सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। सभी घटना का विरोध करने लगे। ग्रामीणों ने शव को घटनास्थल (स्कूल परिसर) पर रखकर मुआवजे की मांग करने लगे। उग्र लोगों ने मौके पर काम कर रहे मुंशी को कब्जे में लिया। मुंशी के माध्यम से मामले की जानकारी संवेदक को भेजी गई। कई घंटे बीत जाने के बाद भी संवेदक वहां पर नहीं पहुंचे तो ग्रामीण और उग्र होकर आंदोलन करने के लिए तैयार हो गए । वहीं मामले की जानकारी मोहनपुर पुलिस को दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची। जनप्रतिनिधियों द्वारा भी मौके पर पहुँच ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की गयी।
इधर, जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच समझौता हुआ, जिसमें मृतक के परिवार को नौ लाख 50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गयी। जिसके बाद पुलिस द्वारा परिजन के समक्ष शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कन्हैया मंडल 31 अगस्त को ट्रक से लोहा उतारने के क्रम में दब गया था जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए रांची भेजा गया था। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
फिलहाल मोहनपुर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।


