
नई दिल्लीः दिल्ली के लाखों लोगों को लॉकडाउन की बंदिशों में एक बड़ी राहत मिली है। दिल्ली में कोरोना के तेजी से कम हो रहे मामलों के बीच केजरीवाल सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजधानी में ढील देने की कवायद को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को एलान किया है कि दिल्ली में सोमवार से अब बाजार अपने सामान्य समय पर खुल सकेंगे।

यह जानकारी खुद सीएम ने अपने ट्विटर हैंडिल के जरिए एक ट्वीट कर दी है। उन्होंने बताया कि अब दिल्ली में काेरोना के केस खत्म होने के कारण सरकार ने यह निर्णय लिया है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि कोरोना की वजह से अभी तक दिल्ली के बाजारों को शाम 8 बजे तक खुलने की इजाजत थी। लेकिन, अब कोरोना के मामले कम होने की वजह से सोमवार से समय सीमा हटाई जा रही है। ऐसे में अब दिल्ली में बाजार अपने सामान्य समयानुसार खुले रहेंगे।

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी की रफ्तार लगातार कम होती नजर आ रही है और रोजाना सामने आने वाले कोरोना के नए मामले घटते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के सिर्फ 19 नए मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि आज आया आंकड़ा इस साल का सबसे कम आंकड़ा है। वहीं, दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट भी घटता जा रहा है और यह अब तक के सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, लगातार दूसरे दिन कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है।



