
Ranchi: झारखंड के छह जिलों में मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल खोलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। ये मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल देवघर, धनबाद, खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा और पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) में स्थित सदर अस्पताल को अपग्रेड कर पीपीपी मोड में खोले जायेंगे। इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने राज्य सरकार को सहमति पत्र भेजा है।
केंद्रीय मंत्री ने भेजा सहमति पत्र

गौरतलब है कि इस वर्ष जुलाई माह में उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने नयी दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर मेडिकल कॉलेज खोलने का आग्रह किया था। इसके बाद ही केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को सहमति पत्र भेजा है।
जनता को मिलेगी उन्नत चिकित्सा सेवा : मंत्री सुदिव्य सोनू

इसके लिए मंत्री सुदिव्य सोनू ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया है। मौके पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य सरकार झारखंड में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा के सहयोग से राज्य के छह जिलों में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इनका निर्माण जनता को उन्नत चिकित्सा सेवाओं की समान पहुंच उपलब्ध कराने में सहायक होगा। यह झारखंड में यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।



