
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बजला चौक स्थित एक निजी अस्पताल अर्पणा मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के चिकित्सकों पर गंभीर आरोप लगा है। जिसके खिलाफ डीसी से जाँच की मांग की गयी है। आरोप है कि इस अस्पताल के चिकित्सक ने गलत ऑपरेशन एक महिला का कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

दरअसल, जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के टटकियो गांव के रहने वाले विष्णु महथा ने प्राइवेट हास्पिटल के चिकित्सक पर गलत ऑपरेशन कर दिए जाने की वजह से उसकी पत्नी की मौत हो जाने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि दो दिसंबर को बाजला चौक स्थित अर्पणा मल्टीस्पेशिलिटी हास्पिटल में अपनी पत्नी कौश्लया देवी को पेट दर्द होने की शिकायत पर भर्ती कराया। तीन दिसंबर को उसके द्वारा मना किए जाने के बाद भी हॉस्पिटल के चिकित्सक डा. बीना कुमारी व डा. विजय कुमार ने ऑपरेशन कर दिया।

बताया कि ऑपरेशन के बाद उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ने लगी। तब हॉस्पिटल के चिकित्सक ने उनकी पत्नी को निजी एंबुलेंस से इलाज के लिए वीआइपी चौक स्थित डॉ. निशांत चौरसिया के पास भेज दिया। यहां तीन-चार घंटा रहने के बाद डॉ. निशांत चौरसिया ने कहा कि पत्नी की हालत ठीक नहीं है, इसे रिम्स ले जाओ। इसके बाद सात दिसंबर को उसे इलाज के लिए रिम्स ले गए। जहां जांच के दौरान रिम्स के चिकित्सक ने बताया कि महिला का गलत तरीके से आपरेशन कर दिया गया है। सात से 27 दिसंबर तक उसकी पत्नी रिम्स में वेंटिलेटर पर रही। 27 दिसंबर की रात 11:30 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को देवघर लाया गया।

वहीं, सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में महिला के स्वजन व ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों के कार्य प्रणाली पर रोष व्यक्त किया। यहां शव का पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया।
मृतका के पति का कहना है कि पैसा कमाने के लिए अर्पणा हॉस्पिटल के चिकित्सक ने गलत तरीके से ऑपरेशन कर दिया। जिस वजह से उसकी पत्नी की मौत हो गई।
विष्णु महथा ने उपायुक्त से उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।


