
Deoghar: देवघर जिले की साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर डालकर ठगी करने वाले अंतर जिला गिरोह के आठ साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार कर पुछताछ के बाद जेल भेज दिया।

पकड़े गए आरोपितों के पास से 12 मोबाइल फोन, नौ सिम कार्ड, दो लैपटाप बरामद किया गया है।

जेल गये आरोपितों में जिले के सारठ थाना इलाके के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी उत्तम कुमार दास, जामताड़ा जिला के करमाटांड थाना क्षेत्र के अलगचुआं गांव निवासी दिलवर शाही, जिले के खागा थाना क्षेत्र के बिराजपुर गांव निवासी लक्ष्मण मंडल, रोहित पंडित, रमेश कुमार पंडित, विकास कुमार पंडित, अजय पंडित और भोलेनाथ पंडित शामिल है।
बरामद लैपटाप का उपयोग साइबर ठगी के धंधे को संचालित करने में किया जाता था। इन आरोपितों को जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र के फुलजोरी पहाड़ के पास स्थित जंगल से पकड़ा गया है। पूछताछ के क्रम में इन आरोपितों ने बताया कि ये लोग गूगल पर विभिन्न कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना फर्जी मोबाइल नंबर डाल देते हैं। समस्या होने पर लोग मदद के लिए उक्त नंबर पर कॉल करते हैं। ऐसे में ये लोग फोन करने वाले को झांसा में लेकर ठगी का शिकार बनाते हैं।
पूछताछ करने के बाद आरोपितों को जेल भेज दिया गया। छापेमारी दल में साइबर थाना के इंस्पेक्टर हरदियुस टोप्पो, एसआइ धनश्याम गंजु, पालोजोरी थाना प्रभारी सहित कई जवान शामिल थे।


