
Deoghar: देवघर एयरपोर्ट से इन दिनों दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, कोलकाता के लिए हवाई सेवा चालू है। इस बीच यहां के लोगों के लिए एक और अच्छी खबर है कि अब देवघर से दिल्ली के लिए एक और फ्लाइट की शुरुआत होने जा रही है।

15 जून से बंद देवघर से दिल्ली के लिए शाम को उड़ान भरने वाली दूसरी फ्लाइट की पुनः शुरुआत 15 सितंबर से होगी। इसके साथ ही सितंबर माह में ही देवघर से गुवाहाटी के लिए फ्लाइट की शुरुआत होने जा रही है। साथ ही बैंगलोर के लिए भी शाम के समय दूसरी फ्लाइट जल्द ही देवघर एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी।

इस बात की जानकारी सांसद निशिकांत दुबे ने दी। सांसद निशिकांत दुबे ने बताया कि देवघर से दिल्ली के लिए दूसरी फ्लाइट शाम के समय में 15 सितंबर से शुरू हो रही है। देवघर से गुवाहाटी के लिए प्लेन की शुरुआत सितंबर माह में ही शुरू होगी। जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं और खासकर सत्संग आश्रम आने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि अक्टूबर-नवंबर माह से मुम्बई की यात्रा देवघर के लोग सातों दिन कर पाएंगे। बंगलुरू के लिए शाम में दूसरी फ्लाइट शुरू होगी। और देवघर से हैदराबाद के लिए उड़ान सुविधा चालू होगी। जिससे सम्मेद शिखर पारसनाथ, बासुकिनाथ,मंदार, रिखिया पीठ,विक्रमशिला, चंपापुरी जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का केंद्र देवघर होगा।
सांसद ने सोशल मीडिया पर लिखा “माननीय प्रधानमंत्री जी के ऐतिहासिक देन बाबा बैद्यनाथ जी की नगरी देवघर में 15 सितंबर से दिल्ली देवघर की दूसरी फ्लाइट शाम में, सितंबर में ही देवघर गुवाहाटी का प्लेन जिसमें सत्संग आश्रम आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ होगा । अक्टूबर-नवंबर में मुम्बई की यात्रा सातों दिन, बंगलुरू के लिए शाम में दूसरी फ्लाइट तथा देवघर हैदराबाद की सुविधा चालू होगी । सम्मेद शिखर पारसनाथ,बासुकिनाथ, मंदार, रिखिया पीठ, विक्रमशिला, चंपापुरी जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का केंद्र देवघर होगा।”
15 सितंबर से देश की राजधानी से झारखंड की सांस्कृतिक राजधानी के लिए सुबह और शाम दो फ्लाइट उड़ान भरेगी।
गौरतलब है कि देवघर एयरपोर्ट से वर्तमान में कोलकाता, दिल्ली, बंगलुरू और मुंबई के लिए इंडिगो की फ्लाइट दिन से रात तक उड़ान भरने के साथ लैंड कर रही है। जून में दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल टू में हो रहे काम के कारण देवघर से दिल्ली की रात्रि सेवा 90 दिनों के लिए रोक दी गई थी। वहीं पूर्व में शुरू की गई रांची व पटना की विमान सेवाएं हालिया कुछ समय से बंद हैं।


