
Deoghar: देवघर में श्रावणी ड्यूटी पर आये सिमडेगा बल के एक जवान की इलाज के क्रम में मौत हो गयी। मृतक का नाम 51 वर्षीय शिवचरण महतो है। वह रांची जिला के सोनाहातु थाना क्षेत्र के हितजारा गावं का रहने वाला है।

बताते चलें कि उसे बीते मंगलवार को घायलावस्था में इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल में आईसीयू वार्ड में रखकर इलाज किया जा रहा था। इलाज के क्रम में बुधवार की अहले सुबह उसकी मौत हो गयी।

अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी सूचना बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस को दी गयी। पुलिस द्वारा इसकी जानकारी उसके साथ ड्यूटी पर आये विभाग के पुलिसकर्मीयों को दिया गया। उपरांत परिजनों को जानकारी दी गयी। बुधवार को परिजन देवघर सदर अस्पताल पहुंचे।
पुलिस को दिये बयान में मृतक की पत्नी द्रोपदी देवी ने कहा है कि उसके पति देवघर कॉलेज में स्थित आवासन में रह रहे थे। उनकी ड्यूटी बीएड कॉलजे के बेरियर संख्या -2 पर द्वितीय पाली में था। कहा है कि उन्हें जानकारी मिली की ड्यूटी के क्रम में उसके पति को अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गयी।
इधर स्थानीय पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। उपरांत पुलिस लाइन ले जाया गया। वहां सलामी के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।


