Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके में पिछले दिनों बाबा मंदिर सिंह दरवाजा एवं शिक्षा सभा चौक स्थित स्कूल के पास हुए गोली कांड के आरोपित आदर्श झा उर्फ चैंप उर्फ चुसली को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बताते चलें कि आदर्श बाबा परिहस्त गिरोह का सदस्य है। बाबा के मरने के बाद काफी हद तक वह गिरोह का संचालन कर रहा है। उसने अपने गिरोह का नाम 009 रखा है। उसके उपर पहले से हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट व अन्य आरोपों के तहत कई मामले दर्ज है। वह पहले भी जेल जा चुका है।

जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से इसी धंधे में शामिल हो गया। बताते चलें कि गोली कांड की घटना के बाद से पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस को उसके बारे में गुप्त सूचना मिली। इसी सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शिक्षा सभा चौक के पास हुए गोली कांड की घटना को लेकर मणिशंकर पंडित के बयान पर मामला दर्ज किया गया था। गोलीकांड की घटना चार मई की शाम को अंजाम दिया गया था। दर्ज मामले में सौरभ खवाड़े, जय गिरी, बजरंगी राउत, राजन सिंह, शिबू मिश्रा, आदर्श झा और पंकज दास को आरोपित बनाया गया था।
आरोप है कि उन लोगों ने दस लाख की रंगदारी की मांग की थी। मांग पूरा नहीं करने पर इस घटना को अंजाम दिया गया था। इसी दिन सिंह दरवाजा के पास भी इन युवकों के द्वारा एक और गोली कांड की घटना को अंजाम दिया गया था। उस घटना को लेकर एक अन्य मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की भी तलाश कर रही है।



