
Ranchi: झारखंड में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है और मानसून ट्रफ भी गुजर रहा है। जिसका असर झारखंड के कई जिलों में देखने को मिल रहा है।

सोमवार को भी झारखंड के 8 जिलों में भारी बारिश होगी। कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलेंगी और वर्षा के साथ-वज्रपात होने की भी संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने यह जानकारी दी।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून ट्रफ और निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। 28 जुलाई को झारखंड में कहीं-कहीं गरज के साथ तेज हवाएं चलेंगी। इसकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। इन इलाकों में वर्षा के साथ कुछ जगहों पर वज्रपात भी हो सकता है, जिसकी वजह से लोगों को सावधान और सतर्क रहना होगा।
उन्होंने बताया कि गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा और धनबाद जिले में सोमवार को कुछ जगहों पर (70 से 110 मिलीमीटर तक वर्षा) हो सकती है।


