
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बेलाबगान स्थित सरिता होटल के एक कमरे में एक युवक ने सोमवार की देर रात को पंखा में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक का नाम 21 वर्षीय हर्षित केशरी है जो जलसार रोड का रहने वाला है। वर्तमान में माथाबांध में रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पुलिस सरिता होटल पहुंची और शव को फंदे से उतारकर देर रात को ही सदर अस्पताल भेज दिया।

सूत्रों ने बताया कि मृतक के पास से पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। जिसमें आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात बतायी जाती है। बताया जाता है कि सोमवार करीब 12 बजे दिन में उसने होटल में पहुंचकर कुछ फाइल वर्क करने की बात कहते हुए रूम बुक कराया था। उसके पास एक बैग भी था। जिसमें एक लैपटॉप भी था। बैग में ही छुपाकर वह शायद प्लास्टिक का रस्सी लेकर गया था। शाम को जब निर्धारित समय पर उसने होटल खाली नहीं किया तो होटल के स्टाफ द्वारा उसके दरवाजे को खटखटाया गया लेकिन कुछ भी जबाव नहीं मिला।
होटल के रजिस्टर में दर्ज मोबाइल पर जब कॉल किया गया तो कोई रिस्पॉंस नहीं मिला। स्थानीय होने की वजह से होटल वाले ने उसके पहचानने वालों को सूचना दी। उपरांत उसके कुछ दोस्त पहुंचे उसने भी दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई आवाज नहीं दिया।
दोस्तों ने परिजन और पुलिस को इसकी जानकारी दिया। उपरांत परिजन और पुलिस पहंचे तब होटल के कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे फांसी के फंदे से उतारा गया। नगर पुलिस घटना के दूसरे दिन मामले की जांच में जुटी थी।


