
Deoghar: बांका में एक बस पर सवार कई बाराती हाइटेंशन बिजली की तार के चपेट में आकर झुलस गए। कटोरिया प्रखंड अंतर्गत जयपुर ओपी क्षेत्र के बाराकोला गांव के पास गांव के पास की ये घटना है। घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है।

बताया गया कि बारात बौंसी थाना क्षेत्र के कुम्हरभाग गांव से काल्हाडिंडा गांव गई थी। विवाह के बाद लौटने के क्रम में यह हादसा हुआ। कुछ लोग बस में ऊपर बैठकर सफर कर रहे थे। बस के ऊपर बैठे लोग इस दौरान हाइटेंशन तार के संपर्क में आ गए। तार में 11000 वोल्ट का करंट दौड़ रहा था। जिससे मौके पर ही 14 वर्षीय किशोर और 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान बौंसी थाना क्षेत्र के कुम्हरभाग गांव निवासी जेबलाल सिंह के 14 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार और तेलियाकुरा गांव निवासी तिवारी किरदार के 35 वर्षीय पुत्र विजय पहाड़िया के रूप में हुई है। हादसे में झुलसे करीब 18 घायलों में से सात की हालत गंभीर है, जिन्हें देवघर के सदर अस्पताल और बांका सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जर्जर तारों की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हादसे की सूचना मिलते ही जयपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति का जायजा लिया गया और घायलों को तत्परता से इलाज के लिए भेजा गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।


