
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के पास विद्युत तार के संपर्क में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक 37 वर्षीय सिंटू मंडल पश्चिम बंगाल के मालदाह जिला अंतर्गत काली चौक थाना क्षेत्र के धीमा ग्राम का रहने वाला था।

बताया जा रहा कि सिंटू निर्माणाधीन पुल में काम करने वाले मजदूरों के लिए खाना बनाने का काम करता था। मंगलवार सुबह खाना खाने के बाद सभी मजदूर काम पर चले गए थे। जब दोपहर को सभी खाना खाने लौटे तो सिंटू को जमीन पर गिरा पाया। उसका शरीर में बिजली के तार से सटा हुआ था। मजदूरों ने किसी तरह तार को हटाया। आनन फानन में देवघर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां ऑन ड्यूटी डाक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जसीडीह थाना को इसकी सूचना दी गई। सूचना पर एसआइ रामानुज सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मजूदरों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
घटना को लेकर सुपरवाइजर रविशंकर और प्रश्नजीत मंडल ने बताया कि सिंटू स्नान के बाद तार पर कपड़ा सूखने के लिए दे रहा था इसी दौरान बिजली के संपर्क में आने से वह झुलस गया जिससे उसकी मौत हो गई।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।



