
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बाबा मंदिर सिंह दरवाजा के पास रविवार की शाम 5:00 बजे के आसपास शहरी इलाके के एक गैंग के सदस्यों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है।

वहीं बदमाशों ने पिस्तौल के बट से सिंह दरवाजा के पास रहने वाले रामनाथ नरौने को मारकर घायल कर दिया। जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस सिंह दरवाजा घटनास्थल पहुंची और मामले का जांच किया। पुलिस ने घायल रामनाथ नरौने को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां से इलाज करने के बाद पुलिस अपने साथ नगर थाना ले गई।

बताया जाता है कि पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है। सूत्रों ने बताया कि बदमाश ने शिक्षा सभा चौक पर पहले फायरिंग किया उसके बाद बाबा मंदिर दरवाजा के पास पहुंचे और दहशत फैलाने के लिए वहां भी फायरिंग की। बताया जाता है कि चार की संख्या में बाइक पर सवार बदमाश सिंह दरवाजा पहुंचे थे। वहां बदमाशों की रामनाथ नरोने से हाथापाई हो गई। बदमाशों ने पिस्तौल के बट से बुजुर्ग रामनाथ नरौने के सर और सीने में मार दिया।
सभी बदमाश फायरिंग करते हुए शिवगंगा की ओर भाग निकले। इधर घटना के बाद नगर पुलिस अपराधियों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।


