
Ranchi: भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) के तीन अधिकारियों के खिलाफ अरगोड़ा थाने में 84.29 लाख रुपए की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।

गोविंदा मिश्रा ने बीपीसीएल के झारखंड-बिहार हेड अजय कुमार मिश्रा, रांची के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रवीण कुमार और क्षेत्रीय समन्वयक नितिन तापलियाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

गोविंदा ने एफआईआर में कहा है कि नवंबर 2017 से 4 मार्च 2025 तक वे कडरू स्थित सीओसीओ बीपी रांची पेट्रोल पंप का रिटेल आउटलेट ऑपरेटर थे। पांच मार्च को उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में कंपनी के अधिकारियों ‘को पेट्रोल पंप हैंडओवर कर दिया। कंपनी ने इसका सर्टिफिकेट भी दिया। पंप संचालन के दौरान कंपनी के कहने पर उन्होंने 44 लाख रुपए की बैंक गारंटी भी रिन्यू कराई थी, लेकिन यह राशि उन्हें नहीं दी गई। इसके अलावा कंपनी पर उनका 26.52 लाख रुपए का बिल बकाया है। पंप संचालन के दौरान 13.64 लाख कंपनी के खाते में भेजी गई, जिसका वे पहले भुगतान कर चुके थे। यह राशि भी नहीं मिली। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पुलिस लाइन को करीब 50 लाख रुपए के पेट्रोल-डीजल की सप्लाई की। उसका भी भुगतान नहीं हुआ।
कुल मिलाकर कंपनी और उसके अधिकारियों ने 1.34 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया। इस मामले में उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक और समन्वयक से कई बार शिकायत की। झारखंड हेड को भी सूचना दी। लेकिन पैसे नहीं मिले। उल्टा अधिकारियों ने धमकी दी कि अगर कोर्ट में केस दर्ज कराया तो उसे खारिज कराकर उस पर ही मुकदमा कर देंगे।



