
Deoghar: देवघर जिले के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के सिमरतुरी गांव के एक युवक को बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर कुंडा थाना क्षेत्र के उजाला चौक के समीप से किडनैप कर लिया।

इसकी जानकारी स्थानीय कुंडा पुलिस को मिल गई। सूत्रों की माने तो कुछ ही घंटे में पुलिस ने उसे थाना क्षेत्र के तपोवन इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया।

सूत्रों ने बताया कि अपहरण करने के बाद अपराधियों ने युवक के परिजनों से फिरौती की मांग भी किया। कितनी फिरौती मांगी गई, यह जानकारी नहीं मिल पाई है। अपहृत के परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही कुंडा थाने की पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर तकनीकी अनुसंधान के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर महज कुछ घंटे के अंदर रात करीब 8:30 बजे अपहृत युवक को तपोवन इलाके के पीछे झाड़ियों के बीच से बरामद कर लिया।
इस दौरान तीन अपराधियों को पिस्तौल व गोली के साथ पुलिस ने हिरासत में लिया। अपहरण कांड में प्रयुक्त एक बाइक भी पुलिस ने बरामद किया है। बदमाशों को कुंडा थाना लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पूरे मामले को पुलिस गोपनीय रखकर जांच कर रही है। इस संबंध में पुलिस के कोई पदाधिकारी अभी कुछ नहीं बता रहे हैं।


