
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के बसमत्ता मोहल्ला निवा्सी 31 वर्षीय श्रीकांत यादव की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसके पिता ने मदन यादव ने ससुराल वालों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है।

पिता के मुताबिक उसका बेटा एक मोबाइल दुकान में काम करता था। उसकी बहू सुनीता देवी उसे और अपने पति श्रीकांत यादव को बराबर दस हजार हर माह देने को कहती थी। पैसा नहीं देने पर वह और उसके मायके वाले झगड़ा करते थे।

आरोप है कि रोहित यादव, सुरेन्द्र यादव, दामोदर यादव व बेटे की सास बराबर उनके यहां आकर गाली गलौज व झगड़ा करते थे। वे लोग श्रीकांत को जान से मारने की धमकी देते थे। आरोप है कि शनिवार के बेटे के ससुर दमोदर यादव, साला सुरेन्द्र यादव व एक अन्य व्यक्ति उसके घर आया। यहां गाली गलौज करने के बाद उसकी बहू का सारा सामान घर से निकालकर अपने घर ले जाने लगे। इस क्रम में पूछने के लिए उसका बेटा पीछे-पीछे गया। लेकिन उसके बाद वह लौटकर नहीं आया। रात को उसके पुत्र के पेड़ से लटके होने की सूचना उन लोगों को मिली। उसके बाद वे लोग वहां जाकर देखे तो बेटा एक पेड़ से लटक रहा था। उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले गए। वहां जांच करने के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोप है कि उसके बेटे के ससुर दमोदर यादव, साला रोहित यादव, सुरेन्द्र यादव, सास ने मिलकर साजिश के तहत उसके बेटे की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटका दिया। घटना की पुलिस छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस को मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही ये स्पष्ट हो पाएगा कि ये मामला हत्या का है या फिर आत्महत्या का।
मृतक की पत्नी ने खाया जहर
वहीं इस घटना के बाद मृतक की पत्नी सुनीता देवी ने जहर खा लिया है। हालांकि मृतक के पिता मदन यादव का आरोप है कि बहू की बड़ी बहन उसके घर आई थी। उसी ने बहू को जहर खिला दिया है। हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बारे में भी पुलिस को सूचना दे दी गई है।



