
Massive Fire in Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह में भीषण आग लगने से दर्जनों होटल और दुकानें जलकर राख हो गई। घटना जसीडीह के चकाई मोड़ के पास की है। जहां शुक्रवार की रात भीषण आग लगी।

आग की लपटें इतनी तेज उठ रहीं थीं कि दूर से ही इसे देखा जा सकता था। पहले लोगों ने आग अपने स्तर से बुझाने की कोशिश की। लेकिन, आग और फैलने लगी। इसी दौरान अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही आधे घंटे में दमकल वाहन पहुंचे और अग्निशमनकर्मियों ने आग बुझाना शुरू कर दिया। 4 दमकल की गाड़ियों ने देर रात करीब 2 बजे काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


अगलगी में सड़क किनारे फुटपाथ पर मौजूद अस्थाई 12 होटल और गुमटी पूरी तरह से जलकर राख हो गये। होटल में रखे बर्तन, कुर्सी, टेबल, राशन पूरी तरह से जल गये। रिक्शा दुकान और पान की गुमटी भी जल गई।
इन लोगों के होटल और दुकानों में लगी आग
अगलगी की इस घटना में एक होटल में गोपालपुर निवासी दशरथ दास की स्कूटी रखी थी। स्कूटी भी जलकर खाक हो गयी। आग में चमारीडह निवासी कुलदीप मोदी, संताली के रोहित कुमार, शंभु बर्णवाल, सोनू कुमार, राहुल कुमार, संजय रमानी, रतन राम, जोगी राम, रतनपुर के बुल्लू यादव, कुंजीसार के झगरू पंडित, झाझा निवासी श्रवण कुमार तुरी, बदनाटिल्हा के कारू राम, रंजीत कुमार, सियाराम राय के होटल जल गये। उज्ज्वल दुबे की रिक्शा दुकान और टुनटुन मोदी की पान गुमटी भी जल गयी।
लाखों का नुकसान, घटना को बताया साजिश

दुकानदारों का कहना है कि आग लगने की इस घटना में कुल 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आसपास के लोगों का कहना है कि जमीन पर कब्जा करने की साजिश के तहत दुकानों और होटलों को साजिश के तहत जलाया गया है।
मुस्तैद रही पुलिस, ठप रही बिजली
इधर, घटना की सूचना मिलने पर जसीडीह थाना के इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी दीपक कुमार, एसआई उदय कुमार सिंह, एएसआई अजित कुमार तिवारी, शशिभूषण राम पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे। पुलिस बल देर रात तक घटनास्थल पर मुस्तैद रहा। कोई अनहोनी न हो, इसलिए जसीडीह बाजार की बिजली काट दी गयी। करीब 12 घंटे तक जसीडीह बाजार में अंधेरा छाया रहा। घटना में कई बिजली के खंभे और तार भी जल गये हैं। इतना ही नहीं, देर रात करीब 4 घंटे तक जसीडीह के चकाई मोड़ के रास्ते से आवागमन बाधित रहा।
पीड़ित दुकानदारों से अधिकारी ने की मुलाकात

इधर, घटना की सूचना मिलते ही देवघर डीसी विशाल सागर के निर्देशानुसार नगर आयुक्त रोहित सिन्हा एवं अपर समाहर्ता हीरा कुमार द्वारा जसीडीह चकाई मोड़ स्थित आगजनी की घटना का निरीक्षण कर शनिवार को वस्तुस्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही आगजनी की घटना से पीड़ित दुकानदारों एवं व्यापारियों से बातचीत करते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन की इस कठिन समय में सभी के साथ हैं।
डीसी ने दिए जांच के आदेश
इसके अलावा उपायुक्त विशाल सागर ने आगजनी के मामले को लेकर वरीय अधिकारियों को जांच करने का निर्देश दिया है, ताकि आगजनी के कारण का पता चल सके। साथ ही दुकानों में लगी आग से होने वाली क्षति का आकलन करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। आगे उपायुक्त ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से लगातार पुलिस पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया है। साथ ही दुकानदारों की समस्याओं को लेकर उपायुक्त ने हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने एवं उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान की बात कही, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।


