
Deoghar: महाशिवरात्रि को लेकर बाबा बैद्यनाथ की नगरी सज धज कर तैयार है। जिले में होने वाले शिवरात्रि कार्यक्रम को लेकर लगभग सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। पिछले 34 वर्षों में पहली बार राज्य सरकार का पर्यटन विभाग देवघर के शिव बारात को निकालने का काम करेगा। इसलिए इस वर्ष देवघर के लोगों में इस बात को लेकर खासा उत्साह है। ख़ास बात यह है कि महाशिवरात्रि पर आयोजित होने वाले शिवबारात को रवाना करने खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन देवघर पहुंच रहे है।

अपने बेहद व्यस्त कार्यक्रम के बीच मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे देवघर पहुंचेंगे और करीब एक घंटे तक देवघर में रहेंगे। यहां सीएम नगर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

इतना ही नहीं… शाम के करीब छः बजे भोलेनाथ और माता पार्वती के मिलन का गवाह बनने जा रहे शिवबारात को रवाना कर सीएम रांची के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
आपको बता दें की, इस वर्ष देवघर में आयोजित होनेवाली शिवबारात का आयोजन राज्य सरकार के स्तर से पर्यटन विभाग द्वारा की जा रही है। ऐसे में इस साल पहली बार शिवबारात के दौरान लेज़र शो से लेकर ड्रोन शो और बड़े कलाकारों के कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी खुद पूरे इंतज़ाम का ज़ायज़ा ले रहे हैं।



