
Deoghar: फिरौती के लिए अपहरण किए गए पिता एवं पुत्र को पुलिस के दबिश में छोड़ दिया गया। मामला देवीपुर थाना क्षेत्र का है।

इसे लेकर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के ढकढका गांव निवासी संजू देवी ने कहा है कि बुधवार की देर शाम को उसके पति किशन दास और बेटा पास के गांव बड़ा मिरखी स्थित अपने किराना दुकान में थे। उसी दौरान एक बाइक व बोलेरो गाड़ी पर सवार होकर 10 से 12 लोग वहां पहुंचे। उन लोगों ने उनके साथ मारपीट किया। दुकान से सात हजार नकद व अन्य सामान ले लिया। फिर हथियार का भय दिखाकर दोनों का अपहरण कर लिया।

दो घंटे के बाद उसके पति के मोबाइल से फोन आया। फोन करने वाले ने पांच लाख रुपए की मांग की। पैसा नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उसके बाद फिर से एक कॉल आया और पैसा की मांग की गई। कहा गया कि जहां बताया जाएगा वहां रूपये पहुंचा देना। महिला ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरु की।
पुलिस ने दोनों की तलाश में छापेमारी शुरु की। इस दौरान अपहरणकर्ताओं द्वारा दोनों को पुलिस के दवाब में जगदीशपुर आम बगान के पास छोड़ दिया गया। थाना पहुंचने पर दोनों ने इस बारे में जानकारी दी। बाद में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
बताया कि दोनों पिता-पुत्र को अपराधियों ने पहले एक जंगल में ले जाकर मारपीट की। जैसे ही उन्हें भनक लगी कि पुलिस को मामले की जानकारी हो गयी है, अपहर्ताओं ने पिता-पुत्र को कार में रात भर शहर में घुमाया। बाद में पुलिस की दबिश बढ़ी, तो गुरुवार अहले सुबह जगदीशपुर आम बागान के समीप पिता-पुत्र को छोड़कर भाग गये।
इसी बीच, कोयला लेकर आ रहे एक साइकिल वाले को रोककर पीड़ित पिता-पुत्र ने उसके मोबाइल से परिजनों से संपर्क किया। उन्हें बताया कि अपराधियों के चंगुल से वे मुक्त हो चुके हैं। परिजनों ने इसकी सूचना देवीपुर थाने में दी। इसके बाद परिजन जगदीशपुर आम बागान पहुंचे, जहां किशन और चंदन से पुलिस को वीडियो कॉल कर बात करायी। इसके बाद परिजन दोनों को लेकर पहले थाने आये, फिर इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
किशन दास ने बताया कि अपराधियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए 4 प्लस्टिक के डंडे तोड़ दिये। उसे बहुत मारा और टॉर्चर किया। उसने बताया कि गाड़ी में बैठाने के बाद गमछे से मुंह बांधकर दोनों पिता-पुत्र को अपराधियों ने सीट के नीचे बैठाये रखा। अपराधी दुकान से 7000 रुपए, 2 बोरा चावल, एक बोरा आटा, एक बोरा चीनी और अन्य सामान गाड़ी में लादकर ले गये।
इधर, पुलिस दोनों को अगवा करने वालों के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं मामले की छानबीन की जा रही है। घटना की लिखित शिकायत थाने में किया गया है।


