
Deoghar: गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता किशोरी का शव देवघर जिले के कुंडा थाना इलाके से बरामद होने के मामले की जांच में जुटी गिरिडीह जिला के एसआइटी की टीम को घटना में अहम सुराग मिला है। पुलिस की टीम इस मामले में खुलासे के करीब पहुंच गई है।

घटना में पांच से छह लोगों के संलिप्त होने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक घटना के बाद हिरासत में लिए गये लोगों से पूछताछ में पुलिस को घटना के संबंध में अहम सुराग मिले हैं। उपरांत एसआइटी टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा घटना में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक झारखंड के साथ- साथ बिहार, पश्चिम बंगाल व गुजरात मे भी छापेमारी की गई। छापेमारी में संलिप्त लोगों को हिरासत में लेने की जानकारी मिली है। हालांकि इस मामले देवरी पुलिस के द्वारा कुछ भी बताने से परहेज किया जा रहा है।
थाना प्रभारी सोनू कुमार साहू का कहना है कि अभी छापेमारी चल रही है। अगले एक से दो दिन में घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा।


