
Deoghar: देवघर के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर (Baba Baidyanath Temple) में पूजा और दर्शन की ऑनलाइन बुकिंग (Online Booking) के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मंदिर में दर्शन-पूजन के नाम पर फर्जी वेबसाइट (Babadham Online Puja Services) बनाकर ठगी की गई है। वेबसाइट पर अलग-अलग पैकेज का झांसा देकर देश विदेश के श्रद्धालुओं को ठगा गया है। मामला सामने आते ही देवघर डीसी विशाल सागर (Deoghar DC Vishal Sagar) ने एक्शन लिया है। मामले को लेकर डीसी ने एफआईआर का आदेश दिया है।

बता दें कि पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब इसी फर्जी वेबसाइट (Babadham Online Puja Services) के जरिए ऑनलाइन बुकिंग कर 5 श्रद्धालु हैदराबाद से पूजा करने देवघर पहुंचे। मंदिर पहुंच कर जब उन्होंने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो बात नहीं हो सकी।

इसके बाद सभी मंदिर प्रबंधन कार्यालय पहुंचे। यहां उन्हें पता चला कि मंदिर प्रबंधन की ओर से ऐसी कोई व्यवस्था ही नहीं है। तब उन्हें ठगे जाने का एहसास हुआ। वहीं मंदिर प्रबंधन भी इस फर्जीवाड़े से हैरान हो गया।
हैदराबाद से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रबंधन को बताया कि उन्होंने बाबा धाम ऑनलाइन पूजा सर्विस नाम की वेबसाइट के माध्यम से बुकिंग कराई थी। उन्होंने मंदिर प्रबंधन को सारी जानकारी दी। इसके बाद दिए गए नंबर पर मंदिर प्रबंधन की ओर से कॉल किया गया। कंपनी वाले ने फोन उठाया। उससे पूरी बात पूछी गई।
बाबा मंदिर व पंडा धर्म रक्षिणी सभा के अधिकारियों ने वेबसाइट चलाने वाले को मंदिर में बुलाया। वह आया भी। मंदिर प्रबंधन ने उससे पूरी जानकारी ली। उसने तमाम जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक वह जसीडीह के अमरपुर मोहल्ले का रहने वाला है। इसके बाद वेबसाइट चलाने वाले को फिर बुलाने की शर्त पर वापस भेज दिया गया।
डीसी ने दिया एफआईआर का आदेश
इधर, पूरे मामले की जानकारी देवघर डीसी विशाल सागर को दी गई। डीसी ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में ऑनलाइन पूजा के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी से जुड़े मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को एफ.आई.आर करने का निर्देश दिया है। साथ ही “बाबाधाम ऑनलाइन पूजा सर्विसेस” नाम से बनी फर्जी वेबसाइट से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा उपायुक्त ने ऐसे मामलों में त्वरित और आवश्यक कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिया है।
वहीं, ठगी के शिकार हुए लोगों ने मंदिर प्रबंधन से लिखित शिकायत की है। वहीं इससे जुड़े तमाम दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं।
बता दें कि इस वेबसाइट पर अब तक 9,117 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा रखा है।
वेबसाइट पर अलग – अलग पैकेज
वेबसाइट पर सामान्य दर्शन का चार्ज 51 सौ है।वेबसाइट पर कांवर यात्रा, रूद्राभिषेक, पूजा-अनुष्ठान और मंत्र जाप के नाम पर पैकैज दिए गए हैं। इन सभी के लिए अलग-अलग चार्ज हैं।

इस तरह से वेबसाइट संचालक ने करोड़ों की ठगी लोगों से कर ली है।
फिलहाल मामला सामने आने के बाद वेबसाइट पर मेंटनेंस चल रहा है, ऐसा दिख रहा। अधिकांश सेवा को कमिंग सून दिखाया जा रहा है।


