
Ranchi : इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर होने वाले परेड में झारखंड की पेश की जाने वाली झांकी में दिवंगत उद्योगपति रतन टाटा की जीवन यात्रा की झलक दिखेगी। इस झांकी में झारखंड की कला-संस्कृति और नारी सशक्तीकरण के विविध आयाम भी प्रदर्शित होंगे। झांकी के प्रारूप को केंद्र की मंजूरी मिल गई है।

गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले परेड के लिए झारखंड समेत 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों का चयन किया गया है।

झारखंड सरकार के जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक ने बताया कि झांकी को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। राज्य सरकार की ओर से भेजे गए प्रारूप को चयन समिति ने सराहा है। इसका निर्माण कार्य 19 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। 23 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल का कार्यक्रम निर्धारित है।
यह लगातार तीसरा वर्ष है, जब झारखंड की झांकी को राजपथ पर होने वाले परेड में शामिल किया गया है। झांकी में रतन टाटा की जीवन यात्रा एक एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जाएगी। उनकी एक प्रतिमा भी होगी और इसके साथ झारखंड के टाटा नगर के औद्योगिक इकाइयों का विहंगम प्रारूप दिखेगा।
झांकी के अगले हिस्से में झारखंड के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच पढ़ाई करती बच्चियां दिखेंगी। इसके अलावा झांकी के चारों तरफ राज्य की सोहराई और कोहबर पेंटिंग की कृतियां दिखाई जाएंगी।
सोहराई पेंटिंग झारखंड का एकमात्र सांस्कृतिक उत्पाद है, जिसे जीआई टैग हासिल है। झांकी के साथ राज्य के कलाकारों का दल होगा, जो यहां की पारंपरिक नृत्य कला का प्रदर्शन करेगा।
2024 में दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के अवसर पर झारखंड में तसर सिल्क पर आधारित झांकी प्रदर्शित की गई थी। (IANS)


