
Deoghar: देवघर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर के निर्देशानुसार शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार की अध्यक्षता में नव वर्ष एवं छुट्टियों में बाबा बैद्यनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के संभावित भीड़ के अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को लेकर बैठक का आयोजन अनुमंडल कार्यालय में किया गया।

इस दौरान उन्होंने ने नव वर्ष की तैयारियों को लेकर नगर निगम के अधिकारियों, मंदिर के दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि बाहर से आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को एक अच्छी अनुभूति के साथ हर संभव सुविधा मुहैया करायी जा सके।

पूर्व की तरह नव वर्ष 01 जनवरी को शीघ्र दर्शनम कूपन का शुल्क होगा 600 रुपये
इसके अलावे बैठक के दौरान सभी की सहमति से पूर्व की तरह विशेष दिन, नव वर्ष के अवसर पर 600/-रूपये की राशि निर्धारित रहेगी। आगे श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सभी चिन्हित प्वाइंट व रूटलाईन में दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया, ताकि विधि व्यवस्था व सुरक्षा व्यवस्था का संधारण समुचित रूप से किया जा सके। साथ ही मंदिर प्रांगण के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई और विशेष रूप से ध्यान देने का निर्देश दिया, ताकि बाबा मंदिर व आस पास के क्षेत्रों को स्वच्छ व सुंदर बनाया जा सके।
इस दौरान उपरोक्त के अलावे बैठक में सहायक मंदिर प्रभारी संतोष कुमार, मंदिर के अधिकारी, नगर निगम, मंदिर थाना एवं संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।


