
Deoghar: देवघर में कड़ाके की ठंड व शीतलहरी में शादी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। ठंड की वजह से एक युवक की शादी टूट गयी। मामला जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के पेड़ा नगरी घोरमारा में रविवार रात की है।

वर पक्ष घोरमारा का रहने वाला था व वधू पक्ष बिहार राज्य के भागलपुर की। दोनों पक्षों ही सहमति से शादी घोरमारा में ही सुखाड़ी मंडल गार्डन कैंपस में हो रही थी। बाजे-गाजे के साथ बारात लगी व खुशी-खुशी से वरमाला हुआ। इस ठंड में खुले आसमान में वरमाला का स्टेज बना था, साथ ही शादी का मंडप भी खुले आसमान में बनाया गया था। वरमाला व खानपान के बाद दूल्हा-दुल्हन मंडप में भी बैठ गये। पंडित ने शादी की रस्में भी शुरू कर दी।

इसी क्रम में अचानक दूल्हा कंपकंपाते हुए बेसुध होकर बैठे बैठे गिर पड़ा। दूल्हा का शरीर भी पूरा ठंडा हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने दूल्हे को कमरे में लाया व हाथ-पैर घिसना शुरू किया। इस दौरान एक कंपाउंडर आये व दूल्हे को स्लाइन लगाया। ठंड से राहत देने वाले इंजेक्शन लगाये गये। करीब डेढ़ घंटे बाद दूल्हा नॉर्मल हुआ व वापस शादी के मंडप में बैठने को तैयार हुए तो दुल्हन ने शादी से सीधे इंकार कर दिया।
दुल्हन का कहना था कि लड़के को कोई बीमारी हो सकती है, इसलिए शादी नहीं करेंगे। दोनों पक्षों से विवाद बढ़ गया व सुबह के पांच बज गये।
पूरे मामले की सूचना मिलने पर मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार पुलिस बलों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला शांत कराया, बावजूद दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन पायी, सुबह के आठ बजे तक बात नहीं बनने पर अंत में वर पक्ष अपनी बारात लेकर घोरमारा बाजार अपने घर लौट गये, जबकि वधू पक्ष भागलपुर अपने घर लौट गये।


