
Deoghar: कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरहिया धर्मशाला के पास हुई कांवरिया असीत मंडल हत्याकांड के फरार अभियुक्त के देवघर स्थित घर पर शुक्रवार को कटोरिया पुलिस ने इश्तहार चिपकाया। मौके पर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय के नेतृत्व में अनि रितेश सिंह, अनि अश्वनी कुमार, सअनि उपेंद्र तिवारी सदल बल मौजूद थे।

इस दौरान पुलिस ने डुगडुगी बजवाकर एवं माइकिंग कर देवघर के मानसिंही रोड स्थित फरार अभियुक्त शिवम कुमार पिता हरेराम राय के राय भवन में इश्तहार चिपकाया। मौके पर थानाध्यक्ष ने माइकिंग करते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के अंदर अगर फरार अभियुक्त माननीय न्यायालय या थाना में आत्मसमर्पण नहीं करता है तो आगे की कार्यवाही करते हुए उसके घर को ध्वस्त कर कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उक्त फरार अभियुक्त को शरण देने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

बताते चलें कि बीते 25 जुलाई को छपरहिया था। धर्मशाला के दूसरी ओर जंगल किनारे शौच करने गये धनबाद के टुंडी थाना अंतर्गत बेहड़ा निवासी कांवरिया असीत मंडल की अपराधियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। घटना का उद्भेदन करते हुए पुलिस द्वारा चार अभियुक्तों को पूर्व में जेल भेजा जा चुका है, जबकि शिवम राय फरार चल रहा है।



