
Godda: विधानसभा चुनाव 2024 के लिए सभा करने गोड्डा जिला अंतर्गत महगामा विधानसभा पहुंचे राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। जिसकी वजह से उन्हें काफी देर तक हेलीकॉप्टर में ही इंतजार करना पड़ा।

दरअसल, शुक्रवार को गोड्डा के महागामा विधानसभा में बलबड्डा में राहुल गांधी की चुनावी सभा आयोजित की गई थी। महगामा से कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह के पक्ष में वोट मांगने राहुल गांधी महगामा पहुंचे थे।

यहां राहुल गांधी ने जब अपना भाषण खत्म कर अपने हेलीकॉप्टर में सवार हुए तो उसे उड़ान की अनुमति नहीं दी गई।
जिसके कारण काफी देर तक राहुल गांधी हेलीकॉप्टर में बैठे इंतजार करते रहे। इस पूरे मामले पर कांग्रेस का कहना है कि जानबूझ कर राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई है।
कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह ने कहा ये भाजपा की साजिश है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पीएम मोदी बिहार के जमुई में हैं जिसके कारण राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं दी गई।
कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को दो घंटे तक रोके रखना साजिश है, लोकतंत्र की हत्या है।


