
Deoghar: देवघर जिले में अलग-अलग स्थान पर हुए सड़क हादसे में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक का नाम 60 वर्षीय रामेश्वर मुर्मू है जो बूढाई थाना क्षेत्र के जगदीशपुर सिकटिया गावं का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह साइकिल से वापस अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान तिलैया मोड़ के पास अज्ञात वाहन से धक्का लग गया। इस घटना में रामेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने इस बावत बुढाई थाना को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अशोक कुमार सदलबल मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस के माध्यम से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जहां बुधवार कि देर रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इधर अन्य स्थानों पर हुए सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनका इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है उनमें किशोर राय मटकिया, टहलू दास और मिंटू दास बहादुरपुर थाना देवीपुर के नाम शामिल हैं।


