
Deoghar: झारखंड के चुनावी जंग में नया मोड़ आ गया है। बरहेट से झामुमो प्रत्याशी और सीएम हेमंत सोरेन के नामांकन में प्रस्तावक बने सिदो-कान्हू के वंशज मंडल मुर्मू ने झारखंड की राजनीति गरम कर दी है। सीएम के प्रस्तावक बने मंडल मुर्मू भाजपा में शामिल हो गए हैं।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड बीजेपी के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और असम के मुख्यमंत्री और झारखंड के सह प्रभारी हिमंत विश्व शर्मा की मौजूदगी में मंडल मुर्मू रविवार की शाम देवघर में गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे के आवास पर भाजपा में शामिल हुए।

शिवराज सिंह चौहान, हिमंत विश्व शर्मा और निशिकांत दुबे ने मंडल मुर्मू का भाजपा में जोरदार स्वागत किया।
मौके पर झारखंड बीजेपी के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड के इस पवित्र धरती पर शहीद परिवार का नेतृत्व करने वाले मंडल मुर्मू राज्य में माटी, बेटी और रोटी बचाने की लड़ाई में भाजपा का साथ देने आए हैं। जिससे नई क्रांति की शुरुआत हुई है। इनके आने से भाजपा को काफी मदद मिलेगी।
सांसद निशिकांत दुबे ने मंडल मुर्मू का स्वागत करते हुए कहा कि मंडल मुर्मू अब बीजेपी परिवार के सदस्य बन चुके हैं। झारखंड में आदिवासियों की रक्षा के लिए बिना किसी स्वार्थ के ये बीजेपी परिवार का हिस्सा बने हैं।
इस मौके पर संथाल परगना के सभी विधानसभा के बीजेपी उम्मीदवार और बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद थे।


