
Godda/Mahgama: झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर 20 नवंबर को संथाल परगना प्रमंडल के सभी 18 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। जिसको लेकर तमाम चुनावी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। नॉमिनेशन के बाद बुधवार को स्क्रूटनी की प्रक्रिया थी। स्क्रूटनी को लेकर गोड्डा जिला के महगामा अनुमंडल कार्यालय में आज दिन भर गहमागहमी का माहौल रहा। इस बीच तरह-तरह की अफवाह भी उड़ती रही।

दरअसल, कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडे सिंह के नॉमिनेशन पर भाजपा प्रत्याशी अशोक भगत द्वारा सवाल उठाया गया था। हालांकि स्क्रुटनी में निर्वाची पदाधिकारी द्वारा दीपिका पांडेय सिंह का नॉमिनेशन वैध पाया गया।

मामले को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि बीजेपी कुछ भी करके चुनाव जीतना चाहती है। जिन तथ्यों के आधार पर भाजपा प्रत्याशी द्वारा नॉमिनेशन रद्द करने की मांग की गई वह आधार बनता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा हताशा में है। बार बार मेरे नामांकन को लेकर अफवाह उड़ा कर कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता उनके साथ है और ये लड़ाई वे सबके साथ से जीतेंगी।
वहीं, भाजपा प्रत्याशी अशोक भगत ने कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडे सिंह के नॉमिनेशन पर सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी ने अपने नामांकन पत्र में तथ्य को छुपाया है। 2020 में आदिवासी उत्पीड़न का एक मामला है, जिसे उन्होंने नहीं दिखाया है। उन्होंने कहा कि उनके साथ पक्षपात हुआ है। इस मामले को लेकर वह अपने अधिवक्ताओं से बात करेंगे।


