Deoghar: शुक्रवार देर शाम रिखिया थाना क्षेत्र के जरुआडीह में पुत्र ने अपने ही माता-पिता को चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। चाकू लगने से पिता 70 वर्षीय गीत गोविंद राजहंस की मौत हो गई। जबकि माता विमला देवी गंभीर रूप से जख्मी है।

माता-पिता को चाकू मारने के बाद पुत्र समीर उर्फ टिंकू ने भी खुद को चाकू मारकर जख्मी कर लिया। फिलहाल मां और बेटे का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। वहीं बीच बचाव करने के प्रयास में पुत्र की पत्नी प्रिया कुमारी व उसकी बहन निशा झा भी घायल हो गई।

बताया जाता है कि मूल रूप से जमुई जिला के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमरडीह के रहने वाले है। कोरोनाकाल के दौरान जरुआडीह में घर बनाकर रह रहे थे। समीर एक निजी कंपनी में काम करता है। शुक्रवार शाम 6:30 बजे वह काम से वापस अपने घर लौटा। उसकी मां चाय पी रही थी। उसी दौरान पुत्र ने किसी बात को लेकर मां पर भड़क उठा। मां ने कहा कि जल्द ही तुम्हारा इलाज करा देंगे।
इसी बात को लेकर आवेश में आकर उसने मां के गले और चेहरे पर चाकू से वार कर दिया। पिता ने जब बचाने का प्रयास किया तो उनपर पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के हमले से पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जबकि मां के चेहरे और गर्दन में जख्म हुआ। इसके बाद उसकी पत्नी और बहन भी बीच बचाव करने के क्रम में आंशिक रूप से जख्मी हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद उसने अपने टुड़ी पर वार कर लिया। जिससे वह भी जख्मी हो गया। स्वजनों के अनुसार समीर पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। पुलिस को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।



