
Deoghar to Mumbai Flight: देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) से एक और महानगर के लिए उड़ान शुरू होने जा रहा है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से बाबानगरी देवघर हवाई मार्ग से सीधे जुड़ने जा रही है। मुंबई-देवघर हवाई सेवा एक दिसंबर से शुरू होने जा रही है। इंडिगो ने मुंबई – देवघर फ्लाइट के लिए मुंबई एयरपोर्ट को स्लॉट का आवेदन दिया है।

गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने पिछले दिनों इंडिगो के एमडी राहुल भाटिया से बात कर देवघर-मुंबई हवाई सेवा (Deoghar to Mumbai Flight) जल्द चालू करने को कहा था। इस दौरान सांसद ने इंडिगो के प्रस्ताव पर एयरपोर्ट अर्थोरिटी ऑफ इंडिया के एमडी से भी मुंबई- देवघर हवाई सेवा शीघ्र चालू करने की प्रक्रिया बढ़ाने का निर्देश दिया था।
सप्ताह में तीन दिन चलेगी मुंबई-देवघर फ्लाइट

करीब तीन महीने से मुंबई-देवघर हवाई सेवा योजना पाइपलाइन में थी। एक दिसंबर से हवाई सेवा शुरू होने के बाद शुरुआत में सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार और शनिवार) मुंबई – देवघर हवाई सेवा रहेगी। इंडिगो की यह 180 सीटर विमान होगी।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से कनेक्टिविटी बढ़ने से देवघर में पर्यटक व श्रद्धालुओं का आगमन बढ़ेगा, यहां पर्यटन के रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना होगी. इसका फायदा देवघर, भागलपुर, बांका, जमुई, दुमका, गोड्डा आदि आसपास के लोगों को मिलेगा।
देवघर से इन शहरों के लिए फ्लाइट सुविधा
मुंबई से देवघर की हवाई सेवा शुरू होने के साथ ही देवघर एयरपोर्ट से आधे दर्जन शहरों से हवाई सेवा कनेक्ट हो जायेगी। इससे पहले देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता, रांची व पटना की नियमित फ्लाइट की सुविधा है। देवघर शहर हवाई मार्ग से देश के पूरब, उत्तर व दक्षिण से पहले ही जुड़ चुका है। अब मुंबई से हवाई सेवा चालू होते ही देवघर एयरपोर्ट पश्चिम दिशा से भी जुड़ जायेगा।
देवघर एयरपोर्ट धीरे-धीरे ऊंचाइयों पर पहुंच रहा: निशिकांत
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा नगरी में दो साल पहले एयरपोर्ट का तोहफा दिया। अब देवघर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से जुड़ने जा रहा है। इससे पर्यटन के साथ-साथ संथाल परगना में आर्थिक विकास को गति मिलेगी। मुंबई इलाज कराने जाने वाले रोगियों को सुविधा होगी। छात्रों व नौकरी करने वालों को मुंबई आवागमन में सुविधा हो जायेगी। देवघर एयरपोर्ट धीरे-धीरे ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। यहां से हर बड़े शहरों की दूरियां काम हो रही हैं।


