
Sharawani Mela (Deoghar): श्रावणी मेला की दूसरी सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी गेरुआ रंग से पट गई है। देवघर में श्रद्धालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा है। दूसरे सोमवारी को प्रातः 04:02 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया तथा कांवरियों की कतार रात्रि से ही सुबह नंदन पहाड़ रिंग रोड तक पहुँच गयी थी। इन शिवभक्तों की गूंज से रूट लाईन गुंजायमान है और सभी कांवरिया कतारबद्ध हो बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

साथ ही रूट लाईन के हर प्वाइंट पर श्रद्धालुओं के सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किये गये हैं। इसके अलावे जलार्पण हेतु कतारबद्ध कांवरियों को नंदन पहाड़, बरमसिया, बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, क्यू कॉम्प्लेक्स से मानसिंघी फुट ओवर ब्रीज होते हुए बाबा मंदिर के गर्भ गृह में लगे अर्घा के माध्यम से जलार्पण कराया जा रहा है।

रात्रि में ही बरमसिया होते हुए नंदन पहाड़ व सिंघवा तक देवतुल्य श्रद्धालुओं की कतार पहुंच गई थी।
इधर, दूसरी सोमवारी को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर देर रात से ही श्रद्धालुओं के जलार्पण को लेकर रुटलाइन का निरीक्षण कर रहे हैं।
इस दौरान डीसी ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जलार्पण को लेकर बनाए गए निर्धारित रुटलाइन का अनुपालन सुनिश्चित कराए, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम व सुरक्षित जलार्पण कराया जा सके।


