
Deoghar: बीती रात नगर थाना इलाके के सलौनाटांड़ एवं जटाही रेलवे ओवर ब्रीज के समीप बेखौफ चोरों के गिरोह ने दो घरों का ताला तोड़कर लाखों रूपये की संपत्ति की चोरी की घटना को अंजाम दिया है।

पीड़ितों के मुताबिक रात के करीब दो से ढाई बजे के आसपास पांच से छ: की संख्या में आए चोरों के गिरोह ने मुहल्ले के तीन घरों को अपना निशाना बनाया लेकिन, एक जगह सफलता नहीं मिली।

पहली वरादात को बिहार के चांदन थाना अंतर्गत डाढ़वा गांव निवासी और चांदन प्रखंड में ही कार्यरत शिक्षक अशोक यादव के घर में अंजाम दिया गया। जहां घर के सामने लगे लोहे के मेन गेट को काटकर भीतर चोर दाखिल हुए और कमरे में रखे अलमीरा और बक्से का ताला तोड़कर नगदी, गहने, बर्तन समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर लिया।

वहीं, दूसरी घटना मुहल्ले के ही रहने वाले रिटायर्ड फौजी बबलू सिंह के घर अंजाम दिया गया। पीड़ित ने बतलाया कि, सभी चोर सलोनाटांड़ पार्क के पीछे से घर के आँगन में दाखिल हुए थे और सभी के पास हथियार भी था। चोरों ने पहले आँगन में लगे आम के पेड़ से गिरे आम को उठाया और फिर घर के बंद दरवाजों को तोड़कर भीतर दाखिल हुए।
बबलू सिंह के घर से चोरों ने करीब एक लाख की नगदी, गहने और पीतल के बर्तन समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, उनके घर में लगे सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हो गई है और पुलिस फुटेज लेकर जांच शुरू में जुट गयी है



