
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर से छिनतई गिरोह सक्रिय हो गया है। गिरोह के सदस्य दिन दहाड़े छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे है। शुक्रवार को थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाके में छिनतई की दो वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित महिलाओं ने मामले को लेकर नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

दर्ज की गई शिकायत में लाल कोठी पुरनदाहा मोहल्ला की रहने वाली पूनम वर्मा का कहना है कि वह अपने बच्चे को लाने के लिए संत फ्रांसिस स्कूल की ओर जा रही थी। उसी क्रम में रेड्डी लैब के समीप बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचा और उसके गले से सोने का चेन छीन कर फरार हो गया। सोने के चेन का वजन 10 ग्राम और कीमत 80 हजार रुपये थी।

वहीं दूसरी घटना बिद्यु भूषण सरकार रोड बरमसिया मोहल्ला निवासी पल्लवी सरकार के साथ घटी। उनका कहना है कि वह अपने बच्चे को लाने मैत्रया किड्स स्कूल गई। बच्चे को लेकर वह वापस घर पहुंची। घर के अंदर जा ही रही थी कि पीछे से एक युवक उनके पास पहुंचा और किसी व्यक्ति का नाम लेकर उसके घर का पता पूछा। जबाव देने के लिए जैसे ही वह पीछे मुड़ी उसी क्रम में वह युवक उनके गले से सोने का चेन छीन लिया।
घर के बाहर पहले से हेलमेट पहने दूसरा युवक बाइक पर सवार था। चेन छिनने के बाद युवक बाइक पर बैठकर अपने साथी के साथ फरार हो गया। सोने के चेन का वजन 15 ग्राम था। पुलिस दोनों मामले की छानबीन में जुट गई है।


