
Deoghar: भारतीय जनता पार्टी की समीक्षा बैठक कास्टर टाउन स्थित रिलेक्स होटल में होना तय हुआ था। इस बैठक में भाजपा प्रदेश के महामंत्री सह राज्य सभा सांसद आदित्य साहू व प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय की मौजूदगी में संथाल की दो सीटों पर मिली हार को लेकर समीक्षा बैठक की जा रही थी। उसी दौरान कथित रूप से कुछ लोगों ने विधायक के साथ बदसलूकी की। साथ ही गोड्डा जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा के साथ भी गाली गलौज किया। वहीं मोहनपुर प्रखंड के पूर्व उपाध्यक्ष देवाशीष चौधरी, महिला कार्यकर्ता के साथ जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए अपशब्द बोला गया। जबकि दूसरे पक्ष की ओर से विनिता पासवान ने विधायक सहित उनके समर्थकों के खिलाफ अपशब्द व छिनतई करने की शिकायत की है।

मामले को लेकर नगर थाना में एक शिकायत मोहनपुर प्रखंड के पूर्व उपाध्यक्ष बसडीहा निवासी देवाशीष चौधरी ने दर्ज कराया है। इसमें उसका कहना है कि होटल महादेव पैलेस में भाजपा पार्टी की समीक्षा बैठक चल रही थी। वह स्थानीय विधायक नारायण दास से मिलने गए थे। उसी दौरान जसीडीह थाना क्षेत्र के धरवाडीह निवासी निर्मल मिश्रा व गिधनी मोड़ निवासी राहुल तिवारी वहां पहुंचे और कोलर पकड़कर मारपीट करने लगे। दोनों आरोपितों ने बड़े नेता बनने की बात कहते हुए मारकर फेंक देने की धमकी दी। साथ ही अंजाम भुगतने की बात कहते हुए जातिसूचक शब्द का भी इस्तेमाल किया गया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई है।


वहीं दूसरी शिकायत तीन महिलाओं ने दर्ज कराई है। कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मोहल्ला निवासी सुशीला देवी (पति अरुण दास) ,सुशीला देवी (पति स्व. बद्री रमानी) व रीता देवी द्वारा दर्ज कराई गई। शिकायत में जिक्र है कि पार्टी की समीक्षा बैठक होटल रिलेक्स में होना था। विधायक नारायण दास से मिलने तीन होटल महादेव पैलेस पहुंची थी। विधायक से मिलने के लिए तीन बरामदे में खड़ी थी। उसी दौरान अचानक धरवाडीह निवासी निर्मल मिश्रा ने तीनों महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। वहीं पछियारी कोठिया निवासी राहुल तिवारी जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए अपशब्द कहने लगा।
घटना को दूसरे पक्ष की विनिता पासवान ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में होटल महादेव पैलेस में हुई समीक्षा बैठक के समाप्त होने के बाद वह प्रदेश से आए पार्टी के पदाधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखने जा रही थी। उसी दौरान देवघर विधायक नारायण दास अपने समर्थक देवाशीष चौधरी, चंदनाठाढ़ी मोड़ निवासी गौतम यादव, देवीपुर निवासी विकास यादव, मोहनपुर निवासी सुभाष यादव, देवीपुर निवासी मनीष कुमार चुन्नू, विकास वर्मा, त्रिलोचन दास, त्रिपुरारी दास, सुलोचना देवी सहित अन्य 10 पुरुष व 10-12 की संख्या में महिलाओं के साथ खड़े थे। उसे देखते ही विधायक आग-बबुला होते हुए जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज करते अभद्र व्यवहार करने लगे। विधायक ने अपने समर्थकों को उसे धक्का मारकर बाहर करने को कहा। विधायक ने उसके साथ धक्का-मुक्की भी किया। साथ ही उसके गले से तीन भर का सोने का चेन विधायक व उसके समर्थकों ने छीन लिया। उसी दौरान उसके समर्थक वहां पहुंचकर उसे बचाया।


