
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक का शव बिहार के बांका जिला के बेलहर थाना क्षेत्र स्थित हनुमान डैम से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय रवि कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। जो कुंडा थाना क्षेत्र के गौरीपुर गांव का रहने वाला था। वहीं 30 मई को उसके पिता सुखदेव ठाकुर ने नगर थाना के गुम होने की शिकायत दर्ज कराया था।

पिता का कहना था कि बुधवार की रात उसका बेटा बाजला चौक स्थित एक महिला चिकित्सका के यहां भर्ती मरीज को लेकर उसके घर छोड़ने के लिए बिहार के जमुई जिला के सिकंदरा थाना इलाके के महादेव सिमरिया की ओर अपनी कार से निकला था। उसके बाद देर रात से उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया। उन लोगों ने गुरुवार को उसका काफी पता लगाने का प्रयास किया। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। उसके बाद थाने में इसकी सूचना गुरुवार की देर शाम को दी गई।

बताया जाता है कि अंतिम बार उसकी बात अपनी मां से हुआ था जिसमें उसने घर लौटने की बात कही थी। वहीं इसी दौरान गुरुवार की शाम को हनुमान डैम से एक युवक का शव बरामद किया गया। शुरू में उसकी पहचान नहीं हो पायी। युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शव बरामद किए जाने को लेकर बेलहर थाना में चौकीदार मो. मंसूर अंसारी के बयान पर मामला दर्ज किया गया था। उसने बताया कि बीट भ्रमण के दौरान उसे सूचना मिली थी कि डैम के पश्चिमी छोर के पास एक अज्ञात युवक का शव है। सूचना मिलने पर उसने वहां आकर देखा तो युवक की हत्या कर दी गई थी। उसकी सूचना थाना प्रभारी को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने वहां पहुंचकर छानबीन की। छानबीन के क्रम में पाया कि गोली उसके सिर पर मारी गइ थी। घटना को लेकर बेलहर थाना में साजिश के तहत गोली मारकर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है। इधर छानबीन के क्रम में मृतक कि पहचान कर ली गई।
उपरांत बेलहर थाना पुलिस ने देवघर नगर थाना से संपर्क साधा उसके बाद मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन बेलहर थाना पहुंचे और शव की पहचान किया। अंदाजा लगाया जा रहा कि गाड़ी लूटने के इरादे से उसे गोली मारकर हत्या कर दी गई और अपराधी उसकी कार लेकर फरार हो गए। घटना के बाद मामला दर्ज कर बेलहर पुलिस मामले में शामिल अपराधियों का पता लगाने में जुट गई है।


